आम लोगों से मिलने के लिए मेट्रो में सवार हुए राहुल

राहुल गांधी ने टैक्सी ड्राइवर को बाकायदा दो सौ रुपये किराया दिया। टैक्सी के चालक श्रवण ने बताया कि वह दोपहर करीब 1.35 बजे रोहिणी पश्चिम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ा था तभी सामने से राहुल गांधी ने टैक्सी के लिए आवाज दी। इसके बाद वह टैक्सी में सवार हो गए और जापानी पार्क चलने को कहा। उनके साथ सुरक्षाकर्मी भी थे। राहुल को मैंने जापानी पार्क छोड़ा। राहुल ने जापानी पार्क पहुंच कर युवक कांग्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अन्ना को भी ललकारा और कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई सिर्फ राजनीतिक और लोकतांत्रिक तौर-तरीकों से ही लड़ी जा सकती है।
इससे पहले कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन और महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने अन्ना को ताकीद की कि उन्होंने जब कहा कि उनकी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है तो हमने भरोसा किया। नेक इरादे से उन्होंने जो मुद्दे उठाए हैं उनका राजनीतिक कारणों से दुरुपयोग नहीं होने देना चाहिए। सरकार की नीयत पर सवाल उठाए जाने पर द्विवेदी ने अन्ना को नसीहत दी कि हजारे को लोकपाल मुद्दे पर राष्ट्र के सामूहिक विवेक पर भरोसा रखना चाहिए, जिसका प्रतिनिधित्व संसद करती है।
लोकपाल जब भी आएगा यह मजबूत और कारगर होगा। इस मुद्दे पर पहले से कोई धारणा तय कर लेना सही नहीं है। केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने बेहद विनम्रता के साथ अन्ना को भाजपा के साथ खड़ा कर उनके एजेंडे को राजनीतिक करार दे दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा तो पहले से ही हमारे खिलाफ थी, अब अन्ना भी हो जाएं तो उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। संसदीय कार्यमंत्री पवन कुमार बंसल ने अन्ना से अधीर न होने का आग्रह किया और कहा कि शीतकालीन सत्र में विधेयक आने पर पहले से ही कोई धारणा बना लेना कतई ठीक नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications