बर्खास्त जवानों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया

बर्खास्त जवानों को प्रधान राजेश दादरीवाला ने सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान हुड्डा सरकार कर्मचारी विरोधी है और वह कर्मचारियों के हित में काम करने की बजाए नौकरियां नीलाम कर रही है और राजनैतिक दुर्भावना के दृष्टिगत हजारों कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया। उन्होंने कहा कि इनेलो शासन के दौरान नौकरी में लगे 3500 जवानों को कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने नौकरी से निकालकर उनके परिवारों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी कर दी।
दादरीवाला ने कहा कि सभी बर्खास्त जवानों ने अपनी नौकरी की बहाली को लेकर मुख्यमंत्री के गृह जिला रोहतक में उपायुक्त कार्यालय के सामने पांच साल लगातार धरने पर बैठे रहे लेकिन इस गूंगी और बहरी सरकार ने बर्खास्त कर्मचारियों की सुध नहीं ली।
बर्खास्त जवानों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महासचिव रघु अटेला ने कहा कि जवानों को हटाने के बाद हमने हर कांग्रेसी नेता यहां तक कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर अपनी बहाली की गुहार लगाई लेकिन हमें सिर्फ आश्वासनों के सिवा कुछ भी नहीं मिला। अटेला ने सरकार को चेताते हुए कहा कि जब तक बर्खास्त जवानों को दोबारा नौकरी में
नहीं लिया जाता तब तक वह प्रदेशभर में अपने प्रदर्शन जारी रखेंगे और हिसार लोकसभा के उपचुनाव में गांव-गांव व घर-घर जाकर कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करेंगे। इस प्रदर्शन में जयवीर जीतपुरा, सुखबीर सिंह, दिनेश, बिट्टू व तेजबीर श्योराण, सतीश, संदीप, राकेश, रामेश्वर, सुखबीर, रामबीर, जयवीर मास्टर सहित सैकड़ों बर्खास्त जवान शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications