कैदी की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत, साथी भूख हड़ातल पर

आजमगढ़ जेल में अपनी पत्नी की हत्या की सजा काट रहे विनोद कुमार की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गयी। विनोद की मौत उस वक्त हुई जब पुलिस उसे पेशी पर ले जा रही थी। अदालत पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ गयी जिसके बाद पुलिस उसे जिला चिकित्सालय ले गयी जहां कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अदालत में विनोद से मिलने उसका साला व एक अन्य व्यक्ति आया था जिसने उसे कुछ खाने को दिया। खाने के बाद ही उसकी हालत बिगड़ गयी और चिकित्सालय ले जाने पर उसकी मौत हो गयी।
हालांकि पेशी पर ले गए पुलिस कर्मी इस बात को स्वीकार करने से कतरा रहे हैं। उनका कहना है कि अदालत में उसकी तबियत बिगड़ी और चिकित्सालय ले जाने पर उसकी मौत हो गयी। उधर विनोद की मौत की खबर जब जेल पहुंची तो उसके साथियों ने जेल के भीतर हंगामा करना शुरू कर दिया। कैदियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विनोद के ससुराल वालों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
हंगामे के बाद जब जेल अधिकारियों को कैदियों को समझाने का प्रयास किया तो 50 कैदी जेल परिसर में ही भूख हड़ताल पर बैठ गए। कैदियों की मांग है कि विनोद को पेशी पर ले गए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। ज्ञात हो कि विनोद पर आरोप था कि उसने 23 फरवरी 2008 को अपनी पत्नी को जलाकर मार डाला था जिस कारण उसे जेल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications