दिल्ली: मासूमों को बेचने वाले पकड़े गए

पुलिस उपायुक्त संजय कुमार जैन ने बताया कि शास्त्री पार्क निवासी एक शख्स ने गत एक जुलाई 2011 को सीलमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय बच्ची को किसी ने अगवा कर लिया है। छानबीन के दौरान पुलिस को एक फोन कॉल से बच्ची की लोकेशन हरियाणा के कुरुक्षेत्र की मिली। पुलिस ने बच्ची को कुरुक्षेत्र के एक गांव में रणबीर के घर से मुक्त कराया। बच्ची ने पुलिस को बताया कि वारदात वाले दिन वह खजूरी अपनी सहेली से मिलने गई थी। वहां संजीदा की उस पर नजर पढ़ गई और वह उसे बहला-फुसलाकर धोखे से कुरुक्षेत्र ले गई।
वहां उसने अपने सहयोगी आशिया को बच्ची को सौंप दिया। आशिया ऐसी बच्चियों को शादी के लिए अन्य लोगों को सौंपती थी। आशिया और संजीदा ने रणबीर को शादी के लिए बच्ची को 70 हजार रुपये में बेच दिया। रणबीर ने बच्ची को अपने घर में नौकरों की तरह रखा हुआ था। बच्ची की सूचना पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। संजीदा ने पुलिस को बताया कि पहले उसका पति बच्चियों को अगवा करता था। उसकी हत्या के बाद उसने यह काम शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications