अमर फंस गए, अकबर और एंथनी ऐश में!

नोट कांड में अमर सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनकी सहयोगी जया प्रदा ने अमिताभ बच्चन और मुलायम सिंह पर अमर सिंह को धोखा देने का आरोप लगाया। बात कुछ ज्यादा पुरानी नहीं है, जब अमर सिंह और अमिताभ बच्चन हर जगह साथ-साथ बाहों में बाहें डाले नजर आते थे। अब आलम यह है कि इस हफ्ते एक प्रोग्राम के दौरान पत्रकारों ने अमिताभ बच्चन से अमर सिंह के बारे में पूछा तो उन्हें सुनाई ही नहीं दिया। लोग कहते हैं कि अमर सिंह ने ही अमिताभ बच्चन के डूबते व्यवसायिक जीवन को सहारा दिया था।
वहीं उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में मुख्य भूमिका निभाने वाले अमर सिंह को मुश्किल समय पर एक और अकबर से दगाबाजी मिली। वे अकबर हैं समाजवादी में अमर सिंह की विदाई के बाद वापसी करने वाले आजम खां। मुलायम सिंह मुस्लिम वोटरों को रिझाने के लिए किसी भी कीमत पर आजम खां को पार्टी में लाना चाहते थे। आजम खां चाहते थे कि अमर सिंह को पार्टी से बाहर किया जाए। जिस पर मुलायम सिंह ने अमर सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
अमर सिंह पार्टी से बाहर क्या हुए वे हर मामले में आरोपी साबित होने लगे। सबसे पहले सीडी कांड खुला। सीडी कांड में फंसे अमर सिंह पर संसद नोट कांड मामले में दिल्ली पुलिस का शिकंजा कसने लगा। आखिरकार दिल्ली पुलिस ने उन्हें संसद कांड में मुख्य आरोपी बताकर तिहाड़ जेल भेज दिया। अब सवाल यह उठता है कि अमर सिंह समाजवादी पार्टी के महासचिव के तौर पर संसद नोट कांड में शामिल थे या व्यक्तिगत तौर पर। उनका अंदेशा जो भी रहा हो यह तो नहीं होगा कि वे संसद नोट कांड कराकर प्रधानमंत्री बनना चाह रहे हों। बात जो भी हो इतना साफ है कि जब तक किसी नेता के साथ राजनीतिक रसूख जुड़ा है तब तक वह किसी भी मामले में नहीं फंस सकता।












Click it and Unblock the Notifications