तूफान बन चुकी है अन्‍ना की यह आंधी

The movement of Anna Hazare gets more momentum
सिरसा। गांधीवादी नेता अन्ना हजारे की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम अब जोर पकड़ चुकी है। आंधी के रूप में शुरू हुआ अन्ना का आंदोलन अब तूफान बन चुका है। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद सहित पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज हो चुका है। सिरसा जिले में भी आंदोलन पूरी तरह से तूफान का रूप धारण कर चुका है। सोमवार रात को हाउसिंग बोर्ड व विश्वविद्यालय में बच्चों ने कैंडल मार्च किया। विश्वविद्यालय में कैंडल मार्च करने वालों में हर्षुल, दीपांकर, शिवम, सत्यम, आदित्य, विवेक, अंशुल, दिवाकर, कपिल, अक्षय, अंसी आदि शामिल थे।

विशेष बच्चों ने निकाली रैली

अन्ना हजारे को समर्थन देने वालों में आज दिशा संस्था में पढऩे वाले विशेष बच्चे भी शामिल हो गए। हाथों में तख्तियां लेकर दिशा के बच्चे टाउन पार्क पहुंचे। वहां उन्होंने अन्ना के समर्थन में नारे लगाए। बाद में वे टाउन पार्क में चल रहे अन्ना समर्थकों के धरने में शामिल हुए। विशेष बच्चों की भ्रष्टाचार मिटाने की मार्मिक अपील पर धरने पर बैठे लोग भी हैरान रह गए। इससे लगता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब आम व खास सभी एकजुट हो गए हैं। बच्चों के साथ दिशा की निदेशिका गीता कथूरिया, सचिव सुरेंद्र भाटिया व अन्य शिक्षक मौजूद थे।

सांसद के आवास पर अनशन जारी: अन्ना हजारे की अपील पर सांसद अशोक तंवर के आवास पर अन्ना समर्थकों का अनशन चल रहा है। अनशन पर सोमप्रकाश मेहता व सिधू बैठे हुए हैं जबकि उनके साथ अन्य लोग भी जुटे हुए हैं। लोग लगातार अन्ना के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। शाम को भी बड़ी संख्या में लोगों ने सांसद आवास के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी की थी।

वामदलों ने निकाला जुलूस

अन्ना के समर्थन में आज वामपंथी दलों ने भी शहर में प्रदर्शन किया। वामदलों के नेता-कार्यकर्ता नेहरु पार्क में एकत्रित हुए तथा वहां से शहर के विभिन्न बाजारों में जुलूस निकालने के बाद मुख्य डाकघर पर पहुंचे। उधर ट्रक यूनियन के सदस्यों ने भी ट्रक यूनियन से एक मोटरसाइकिल रैली निकाली जो शहर के विभिन्न बाजारों से गुजरी। रैली में शामिल ट्रक चालकों ने बताया कि अन्ना के समर्थन में ट्रकों की पांच दिन की हड़ताल चल रही है। सभी ट्रक चालक हड़ताल में शामिल है।

नागरिक मंच कल करेगा सांसद की कोठी का घेराव

अन्ना के समर्थन में नागरिक मंच के सदस्य 16 अगस्त से पुलिस लाइन के सामने धरने पर बैठे हुए हैं। उनके धरने में बच्चे भी शामिल हो रहे हैं और अन्ना को सहयोग कर रहे हैं। नागरिक मंच के पदाधिकारी लेखराज के अनुसार कल बड़ी संख्या में लोग धरने में शामिल होंगे तथा एक जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में शामिल लोग हुडा सेक्टर स्थित सांसद के आवास पर जाएंगे और सांसद के आवास का घेराव करेंगे।

लघुसचिवालय के बाहर धरना जारी: जिला मुख्यालय पर लघुसचिवालय के सामने साईं गोल्ड की ओर से चल रहे धरने में अब गांवों के लोग भी शामिल हो रहे हैं। धरने पर बैठे लोगों को देश भर की ताजा खबर मिलती रहे, इसके लिए टीवी भी लगा रखी है। लोग टीवी पर अन्ना के रामलीला मैदान में चल रहे अनशन को देखते रहते हैं।

अन्ना की झांकी रही सुर्खियों में

जन्माष्टमी पर्व की धूम पर भ्रष्टाचार के विरूद्ध लड़ाई लड़ रहे अन्ना हजारे का जादू छाया रहा। बीती शाम अग्रसैन कालोनी के हनुमान मन्दिर में आयोजित जन्माष्टमी पर्व की विभिन्न आकर्षक झांकियों में सर्वाधिक रोचक एवं चर्चा की विषय अन्ना हजारे की झांकी रही। यह झांकी मन्दिर के मुख्य द्वार पर लगाई गई थी।

इस विषय में श्री हनुमान मन्दिर चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राधेश्याम सिंगला ने बताया कि सभी सदस्यों की यह भावना थी कि झांकियों के साथ अन्ना हजारे का समर्थन करती हुई एक झांकी अवश्य प्रदर्शित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस झांकी को लेकर लगभग आधी रात तक चले कार्यक्रम में शामिल हुए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं में चर्चा की विषय रही और सभी सदस्यों ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+