अन्ना की हालत नाजुक, अगले 24 घंटे क्रिटिकल
जब से अन्ना रामलीला मैदान पहुंचे हैं, रोजाना दो बार भाषण देते हैं। उनके भाषण से लोगों का जोश कई गुना बढ़ जाता है, लेकिन सोमवार की शाम अन्ना मंच से कुछ नहीं बोले। कारण उनका बिगड़ता हुआ स्वास्थ्य था। वजन घटने के अलावा रक्तचाप भी सामान्य नहीं रहा है। मंगलवार की सुबह उनका ब्लड प्रेशर 124/82 और पल्स 90 की दर से चल रही थी। उनके वजन में 5.6 किलोग्राम की कमी दर्ज हुई है।
यह अन्ना के जीवन का सबसे लम्बा अनशन बन चुका है। इससे पहले अन्ना कभी सात दिन से ज्यादा अनशन पर नहीं बैठे। अन्ना का चेकअप करने आये डॉक्टर नरेश त्रिहान का कहना है कि फिलहाल अन्ना खतरे से बाहर हैं। उनके जीवन को कोई खतरा नहीं है, लेकिन शरीर में कीटोन का स्तर बढ़ने लगा है, जिसमें कई प्रकार के ऐसिड और एसिटोन होते हैं जो रक्त और पेशाब में चले जाते हैं। उनके शरीर में वसा और गलूकोज़ की मात्रा अब काफी कम हो चुकी है।
वहीं एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि अन्ना खतरे के अंदर आ चुके हैं। अगले 48 घंटों में कुछ भी हो सकता है। उनके हृदय, किडनी या रक्तचाप पर प्रभाव पड़ सकता है।
हालांकि अभी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने जैसी स्थिति नहीं है। डॉक्टरों ने अन्ना को सलाह दी है कि वो ज्यादा बोले नहीं। उन्हें धूप से बचने और पीले रंग की रौशनी से दूर रहने की सलाह दी गई है।













Click it and Unblock the Notifications