केन्द्रीय मंत्रियों के घरों पर अन्ना के समर्थकों का धावा

अन्ना के समर्थक जायसवाल के पोखरपुर स्थित उनके घर पहुंचे और अन्ना के समर्थन एवं केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। रविवार होने के कारण जायसवाल कानपुर आए हुए थे इसलिए उनके घर पर धरना प्रदर्शन कई दौर में हुआ। इसके पूर्व जायसवाल शहर में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे वहां भी अन्ना समर्थकों ने केन्द्र सरकार और सरकारी लोकपाल बिल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका घेराव किया।
इससे एक दिन पूर्व देर रात अन्ना समर्थक राजीव शुक्ला के दर्शनपुरवा स्थित उनके पुश्तैनी घर के बाहर पहुंचे और केन्द्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। दर्शनपुरवा के इस घर में कांग्रेसी नेता राजीव शुक्ला के परिवार का कोई सदस्य नही रहता। उनके दूर के रिश्तेदार आदि रहते हैं लेकिन घर पर राजीव शुक्ला सांसद कांग्रेस पार्टी का बोर्ड लगा हुआ है।
अन्ना समर्थको ने शुक्ला के घर पर कोई तोडफ़ोड़ व हंगामा नही किया बल्कि शांतिपूर्वक बैठकर धरना प्रदर्शन किया और जन लोकपाल बिल पास करो, अन्ना हजारे जिंदाबाद और केन्द्र सरकार और उसके लोकपाल बिल के विरोध में नारेबाजी की। उधर अन्ना के समर्थन में आज शहर में ग्रीन पार्क स्टेडियम के बाहर एक मानव श्रृंखला बनाई गई जिसमें सैकड़ों युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गो ने भाग लिया।
इस मानव श्रृंखला में शामिल सभी लोग गांधी टोपी लगाए थे और मैं अन्ना हूं की टीशर्ट पहने हुए थे। यह लोग हाथों में जन लोकपाल के समर्थन में पोस्टर और बैनर भी अपने हाथो में लिए हुए थे और हम होंगे कामयाब एक दिन के नारे भी लगा रहे थे। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न चौराहों और पार्को में भी अन्ना के समर्थन में नुक्कड़ सभाएं और धरने प्रदर्शन आयोजित किए गए।












Click it and Unblock the Notifications