राहुल गांधी आज लौटेंगे अमेरिका से स्वदेश

गौरतलब है कि सोनिया गांधी के बीमार होने के बाद पार्टी संचालन के लिए राहुल गांधी के साथ अहमद पटेल, एके. एंटनी और जनार्दन द्विवेदी की चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी के गठन को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है कि राहुल गांधी को किसी बड़ी भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है। चूंकि, कांग्रेस मुख्यालय में परंपरा है कि पार्टी अध्यक्ष ही झंडारोहण करता है, लिहाजा सोनिया की गैरमौजूदगी में उनके उत्तराधिकारी राहुल पर ही सबकी निगाहें थीं।
पहले तो पार्टी में इस पर ही भ्रम था कि झंडारोहण कार्यक्रम में गांधी परिवार से कोई होगा ही या नहीं। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी झंडा रोहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमेरिका से रवाना हो रहे हैं। राहुल में भविष्य देख रहे कांग्रेस नेता यूपीए सरकार के खत्म होते इकबाल के दौरान युवराज से ही झंडारोहण की गुजारिश कर रहे हैं। मगर राहुल को ठीक से जानने वाले वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि शायद ही पार्टी उन्हें इसके लिए मना पाए। ऐसी स्थिति में पार्टी के सबसे बुजुर्ग नेता और कोषाध्यक्ष मोती लाल वोरा झंडारोहण करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications