जमीन अधिग्रहण के खिलाफ हरियाणा के किसानों ने खोला मोर्चा

इस दौरान किसानों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया कि यदि उनकी जमीन को अधिग्रहण से मुक्त नहीं किया गया तो वे किसी भी हद तक आंदोलन कर सकते हैं। सेवली गांव की चौपाल में पूर्व सरपंच सुखबीर सिंह को महापंचायत का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति के जिला प्रधान राजपाल सेवली ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के लिए 2027 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर किसानों के साथ विश्वासघात किया है।
समिति प्रधान राजपाल ने कहा कि सरकार ने किसानों से जमीन 259 रुपए प्रति गज के हिसाब से खरीदी है। इसी जमीन को सरकार प्राइवेट संस्थानों को 54 रुपए प्रति गज के हिसाब से बेच रही है। किसान सेक्शन- चार लगाए जाने के बाद से ही संघर्ष कर रहे हैं। किसानों को अपनी जमीन वापस चाहिए। यदि सरकार ने उनकी जमीन छोडऩे की घोषणा नहीं की तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। वहीं रेवाड़ी में भारतीय शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने सरकार पर घोटाला करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर पुतला फूंक रोष प्रकट किया।
जिला प्रभारी वजीरचंद शर्मा ने कहा कि गुडग़ांव के सेक्टर- 62 में पंचायत की बेशकीमती जमीन राजीव गांधी ट्रस्ट को देकर घोटाले का दूसरा रूप दिखाया है। जगाधरी में भी भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसान किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। रविवार को उधमगढ़ स्थित गुरुद्वारे के सामने आयोजित महापंचायत में सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया। इसकी अध्यक्षता भाकियू के महासचिव विजय मेहता ने की। साथ ही महापंचायत में अधिग्रहण होने वाली जमीन पर फसल की बिजाई करने का निर्णय लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications