आज खरीद लें दवा, मंडे को दुकानें बंद रहेंगी

फेडरेशन के अध्यक्ष कैलाश गुप्ता का कहना है कि एक अगस्त को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उड़ीसा राज्यों में दवाओं की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यह बंद सरकार की नई दवा नीति के विरोध में आयोजित होगा। नई दवा नीति से दवा विक्रेताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। 74 एंटीबायोटिक को बेचने के लिए केमिस्टों को मरीजों की एक पर्ची एक साल तक सुरक्षित रखनी होगी। पर्ची के बिना केमिस्ट एंटीबायोटिक को बेच ही नहीं सकते।
एक साल तक पर्ची सुरक्षित रखना केमिस्टों के लिए संभव नहीं है। सरकार ने शेड्यूल्ड एच पहले ही तय कर रखा है। इसके तहत कुछ दवाइयां बिना पर्ची की नहीं बेची जा सकतीं लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय एंटीबायोटिक नीति में नया शेड्यूल्ड एचएक्स जोड़ने जा रहा है। इस नीति के अमल होने के बाद 16 ऐसी दवाएं हैं जो सिर्फ एम्स जैसे बड़े अस्पतालों में ही उपलब्ध होगी।
यानी ये दवाएं केमिस्ट नहीं बेच पाएंगे। ये दवाएं बहुराष्ट्रीय कंपनियां ही बनाती हैं। एसोसिएशन के अजीत गोयल ने कहा कि सरकार की इस नीति के खिलाफ एक अगस्त को 32 राज्यों के छह लाख केमिस्ट शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और संसद भवन का घेराव करेंगे। दिल्ली के 16 हजार केमिस्ट व्यापार बंद रखेंगे। दूसरी तरफ, दिल्ली रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद से अलग होने की घोषणा की है। एसोसिएशन के संदीप नांगिया ने घोषणा की है कि बंद से संगठन का लेना देना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications