युवा नहीं जागे तो भगवान भी नहीं बचा पायेगा यूपी को: राहुल गांधी

पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर राहुल गांधी का फोकस वोट बैंक पर है। इसके लिए वो लोगों का विश्वास जीतने के लिए मायावती पर वार पर वार किये जा रहे हैं। राहुल ने कहा कि बसपा सरकार ने कभी रोजगार के बारे में नहीं सोचा। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पंजाब को देखिये वहां विकास की लहर इतनी तेज है, जबकि यूपी में कोई विकास नहीं दिखता। केंद्र सिर्फ पैसा दे सकता है, उसे सही कार्यों में लगाना राज्य सरकार का काम है। यहां पिछले 20-25 सालों में कोई विकास नहीं हुआ। राहुल ने कहा कि 15 साल पहले आंध्र प्रदेश हमसे पीछे था, आज वो यूपी से कहीं आगे निकल गया है।
राहुल ने कहा कि माया सरकार केंद्र द्वारा दिये गये धन को बर्बाद कर रही है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत करोड़ों रुपए दिया, उसे सही ढंग से नहीं इस्तेमाल किया। अब बुनकरों के लिए 3000 करोड़ रुपए दिये गये हैं, पता नहीं उस पैसे का क्या होगा।
राहुल ने बुंदेलखंड के किसानों का आह्वान किया और कहा कि वो भी भट्टा परसौल के किसानों की तरह वे भी एक जुट हों। अगर पांच युवा भी आगे आ गये तो पूरी तस्वीर बदल सकती है। राहुल ने कहा कि अगर यहां के युवा अब नहीं जागे तो उत्तर प्रदेश को भगवान भी नहीं बचा पायेगा। युवाओं को एक जुट होकर फैसला लेना होगा कि वो यूपी में क्या चाहते हैं, बर्बादी या खुशहाली।












Click it and Unblock the Notifications