मंत्रिमंडल विस्तार में होंगे नए चेहरे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संप्रग सरकार सोमवार या मंगलवार को एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है। क्योंकि राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों ने कहा कि इस बाबत सरकार से कोई निवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। यदि सरकार रविवार देर रात तक भी यदि सूचना दे देती है तो सोमवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
सूत्रों ने बताया कि विस्तार के बाबत जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की वहीं चेन्नई में केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने द्रमुक प्रमुख एम. करुणानिधि से मिलकर उन्हें साधने की कोशिश की। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों पर चर्चा हुई। हालांकि कई के नामों पर मुहर लग चुकी है।
बताया जा रहा है कि इस बार मंत्रिपरिषद में कुछ नए चेहरों को भी शामिल किया जा सकता है। जिसमें आंध्र प्रदेश से चिरंजीवी के भी शामिल होने की चर्चा है। सूत्रों ने बताया कि द्रमुक के कोटे से गए दो कैबिनेट मंत्रियों ए. राजा और दयानिधि मारन की जगह पार्टी प्रमुख तीन मंत्रियों को शामिल करने की बात कह कह रहे हैं। हालांकि उसमें उन्होंने एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री बनाने की बात वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी से कही है।
वहीं कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है। चर्चा है कि कपिल सिब्बल को दूरसंचार मंत्रायल से हटाकर पुनः मानव संसाधन विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सिब्बल पर रिलायंस कम्युनिकेशंस को राहत देने के कथित आरोप हैं। इसी तरह पवन कुमार बंसल के पास संसदीय कार्य मंत्रालय के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी मंत्रालय भी है जिसमें से उनसे एक विभाग लिया जा सकता है।
यूपी चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री यूपी से भी कुछ लोगों को जगह दे सकते हैं जिसमें एक राजपूत बिरादरी के नेता के शामिल होने की चर्चा है। इसमें राजकुमारी रत्नी सिंह आगे चल रही हैं। बेनी प्रसाद वर्मा को भी कैबिनेट का दर्जा हासिल हो सकता है।
सूत्रों ने बताया कि सरकार के चार ऊपर के पदों के लेकर चर्चा हो चुकी है पर प्रधानमंत्री पर चिदंबरम को लेकर काफी दबाव है, लेकिन चिदंबरम के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक उनका विभाग नहीं बदला जाएगा। वहीं सूत्रों ने बताया कि एसएम कृष्णा को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपना काम करते रहने को कहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नए चेहरों को शामिल करने की चर्चा चल रही है उसमें चिरंजीवी चार सांसदों के नाम लिए जा रहे हैं। चिरंजीवी के आलावे कांग्रेस से गिरिजा व्यास, राजबब्बर और चरणदास महंत और तृणमूल से सुदीप्तो बंदोपाध्याय को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। खबर यह भी है कि केंद्रीय रेल मंत्री के लिए ममता बनर्जी से चर्चा हो चुकी है संभव है कि दिनेश को रेल मंत्री बना जा सकता है। हालांकि हवा में लालू प्रसाद यादव के भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा है क्योंकि सरकार को बिहार में लालू के रास्ते ही कुछ संभावनाएं नजर आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications