सिरसा में भाई ने छोटे भाई को कस्सी से काट डाला

जोधकां निवासी रामजी लाल के दो बेटों बड़े राममूर्ति व छोटे रवि के बीच मनमुटाव चल रहा था। मनमुटाव का कारण राममूर्ति व रवि की पत्नी के बीच रोज-रोज होने वाला झगड़ा बताया जा रहा है। कहा गया है कि रवि की शादी लगभग तीन साल पहले हिसार जिले के किसी गांव में हुई थी। राममूर्ति रवि की पत्नी पर दहेज लाने के लिए दबाव डाल रहा था।
बार-बार अपनी पत्नी को तंग करने पर रवि अपने भाई राममूर्ति से नाराज चल रहा था। आरोप है कि इसी नाराजगी के कारण दोनों के बीच कहासुनी हो गई तथा बीती रात जब रवि गहरी नींद में सो रहा था तो राममूर्ति ने कस्सी उठाकर रवि पर हमला कर दिया। कस्सी से किए गए वार से रवि की मौत हो गई।
घटना की सूचना डिंग थाने में दी तो पुलिस मौके पर गई तथा शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल सिरसा पहुंचाया। डिंग थाना प्रभारी चांद सिंह का कहना है कि मृतक रवि के चचेरे भाई माल सिंह पुत्र हरि सिंह की शिकायत पर राममूर्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी अभी फरार है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राममूर्ति सनकी किस्म का है और उसी सनक में उसने अपने भाई की हत्या कर दी। दोपहर बाद मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है ताकि उससे हत्या के असली कारणों का पता किया जा सके। पढ़ें- हरियाणा की बड़ी खबरें












Click it and Unblock the Notifications