ग्रेटर नोएडा में 16 किमी पैदल चले राहुल गांधी, मार्च जारी

ग्रेटर नोएडा के भट्टा गांव में मंगलवार की सुबह लोग जब सो कर उठे तो उन्होंने राहुल गांधी को अपने बीच पाया। यह दूसरा अवसर था जब राहुल गांधी बगैर किसी सूचना भट्टा पारसौल पहुंच गए। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नहीं था।
प्रदेश सरकार के सूचना तंत्र को धता बताते हुए एक बार फिर राहुल गांधी भट्टा पारसौल पहुंचे। राहुल की पिछली यात्रा काफी हंगामा भरी थी उस वक्त भी राहुल के आने की सूचना किसी अधिकारी को नहीं चली और अचानक राहुल भट्टा पारसौल पहुंच गए थे। इसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर राहुल गांधी धरने पर बैठ गए थे दिन भर चले इस घटनाक्रम में देर शाम राहुल गांधी को
गिरफ्तार कर इलाके से बाहर कर दिया गया था। मंगलवार को भी राहुल भट्टा में दाखिल हो गए जबकि उनके इलाके में प्रवेश पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी।
रोक के बावजूद राहुल ने भट्टा पारसौल का दौरा किया और रूस्तमनगर, मिर्जापुर व भाईपुरा गांव के किसानों से मुलाकात की। किसानों से मुलाकात करते हुए राहुल ने अपील की कि अधिक से अधिक किसान अलीगढ़ में 9 जुलाई को होने वाले महापंचायत में पहुंचे। ज्ञात हो कि रूस्तमनगर पहुंचते ही उन्होंने गाडिय़ां छोड़ दी और पैदल यात्रा करनी शुरू कर दी।
गांव वालों के साथ पूरे गांव घूमने के बाद उन्होंने किसानों से घर-घर जाकर मुलाकात की। जैसे-जैसे राहुल आगे बढ़ रहे थे उनके पीछे चलने वाला काफिला बढ़ता ही जा रहा था। उधर राहुल गांधी के भट्टा पारसौल पहुंचने की सूचना जब जिला प्रशासन के अधिकारियों को लगी तो उनके होश उड़ गए।
लखनऊ में बैठे प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी गयी जिसके बाद शासन स्तर पर इस बात की योजनाएं बनायी जाने लगीं कि मंगलवार को हुए इस घटनाक्रम से कैसे निपटा जाए।
गौरतलब है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने उनके इलाके में प्रवेश पर रोक लगायी है तथा इसी आधार पर कांग्रेस को गांव में महापंचायत की इजाजत भी नहीं दी थी। राहुल की इस यात्रा को आगामी विधान सभाचुनाव के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल अलीगढ़ भी जाएंगे जहां वे महापंचायत स्थल का निरीक्षण करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications