दिल्ली: शार्ट सर्किट या साजिश, पुलिस कर रही तफ्तीश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजघाट पावर प्लांट में रविवार पूर्वांह 11.40 बजे आग लगी। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें कई मीटर तक ऊपर देखी गई। आसमान काले धुएं से भर गया था। घटना के वक्त प्लांट में दो सौ से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल की 27 गाड़ियों ने तकरीबन ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।चीफ फायर अफसर जीसी मिश्रा ने बताया कि कनॉट सर्कस, रकाबगंज, मथुरा रोड, लक्ष्मीनगर व गीता कॉलोनी इत्यादि फायर स्टेशन से गाड़ियां भेजी गई थीं। तेल में आग लगी होने के कारण दो गाड़ियां फोम बनाने वाली भी भेजी गई थीं। जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इंद्रप्रस्थ जेनरेशन पावर कंपनी (जेनको) के प्रवक्ता एस ठाकरान ने बताया कि आग से 100 केवी ट्रांसफॉर्मर सहित प्लांट के भवन के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आग कैसे लगी इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस के सूत्रों ने बताया कि शार्ट सर्किट के अलावे पुलिस साजिश के तहत आग लगाए जाने के मुद्दे पर भी काम कर रही है। क्योंकि पुलिस को लग रहा है कि कही ऐसा तो नहीं कि जानबूझ कर आग लगा दी गई हो।
दिल्ली राजघाट पावर कंपनी के महाप्रबंधक आरएस राठी के मुताबिक उक्त ट्रांसफॉर्मर 18 वर्ष पुराना था। ट्रांसको इस पावर प्लांट से बिजली लेकर दिल्ली के कई इलाकों में आपूर्ति करता है। हादसा होने के बाद उन इलाकों में कश्मीरी गेट और इंद्रप्रस्थ फीडर से बिजली की आपूर्ति कर दी गई, जिससे कोई समस्या नहीं हुई। शाम तक राजघाट पावर प्लांट से भी आपूर्ति सुचारु हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications