दिल्ली: बंधक बनाकर करोड़ों की लूट

पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आनंद विहार के ऋषभ विहार में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी लाजपत राय जैन की गांधी नगर, चांदनी चौक व चावड़ी बाजार में आधा दर्जन दुकानें हैं। लाजपत जैन और उनके दो बेटे दोपहर को दुकान पर थे। घर पर लाजपत जैन की पत्नी वीना जैन, बेटी दीपिका जैन और पोती परी ही थी। मंगलवार दोपहर एक युवक ने घर की घंटी बजाई। दीपिका के दरवाजा खोलते ही युवक धक्का देकर अंदर घुस गया। उसी समय दो और युवक आ गए।
इससे पहले कि दीपिका और वीना कुछ समझ पाते, बदमाशों ने ने रिवाल्वर निकाल ली। हथियार की दम पर बदमाशों ने दोनों को एक कमरे में ले जाकर गए हाथ-पैर बांध दिए। बदमाशों ने उनसे लॉकर की चाभी और जेवरात व नकदी के बारे में पूछा। मां-बेटी ने जानकारी देने में आनाकानी की तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी।
इतना ही नहीं ज्यादा विरोध करने पर एक बदमाश ने दीपिका के बाएं पैर में चाकू भी घोंप दिया। इसके अलावा उन्होंने पोती परी को उठाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दो बदमाशों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। उन्होंने एक घंटे तक घर में रहे। बदमाशों के जाने के बाद करीब 20 मिनट बाद दीपिका ने बंधी रस्सी को कुछ ढीला किया और अपने पापा को फोन कर घटना की जानकारी दी। लाजपत जैन ने दुकान से ही पुलिस को इस घटना के बारे में बताया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जिला पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए। बताया जाता है बदमाश करोड़ों की नकदी और हीरे व सोने के जेवरात के कई सेट ले गए हैं जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। पुलिस बादमाशों को गिरफ्तारी के लिए कई जगह पर दबिश दी पर अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications