इंदौर: एक ही परिवार के तीन महिलाओं की बेरहमी से हत्या

धारदार हथियार से एक ही परिवार की तीन महिलाओं की हत्या की यह सनसनीखेज वारदात निजी बैंक में कार्यरत विशाल पांडे के 24, श्रीनगर मेन स्थित मकान की पहली मंजिल पर हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां एक सप्ताह पहले किराए पर रहने आए उज्जैन के मूल निवासी देशपांडे परिवार की तीन महिलाओं रोहिणी पति एसवी फणसे (65), मेघा पति नीलंजय देशपांडे (50) और अश्लेषा पिता नीलंजय (23) की हत्या की गई। रोहिणी व मेघा मां-बेटी हैं, जबकि अश्लेषा मेघा की बेटी है। ये दो कमरों में रहते थे। इनके कमरे के पीछे रहने वाली युवती ने शाम करीब 5.30 बजे कमरे के बाहर खून से सने पैरों के निशान देखे। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
खिड़की से देखा गया तो अंदर का नजारा ही कुछ और था। पूरा कमरा खून से लाल हो चुका था और शव जमीन पर पड़े हुए थे। देखते ही देखते काफी लोग मौके पर एकत्र हो गये और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये और शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की। प्राथमिक जांच में पता चला कि मेघा के पति नीलंजय उज्जैन के सेठी नगर में रहते हैं। वे बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय उज्जैन के मैनेजर बताए गए हैं। उनकी बेटी अश्लेषा मेडिकेप्स कॉलेज में बीई तृतीय वर्ष की छात्रा थी। पुलिस की मानें तो तीनों को बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है। तीनों के पेट के ऊपरी हिस्से, पीठ व गले पर हथियार से वार किए गए। तीनों महिलाओं के शव एक ही कमरे में पड़े थे और चारों ओर खून फैला था।
लूट और रंजिश पर तफ्तीश कर रही है पुलिस
श्रीनगर कालोनी में हुई तीन महिलाओं की हत्या के पीछे रंजिश के साथ ही साथ लूट की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। पुलिस की मानें तो कमरे में रखी अलमारी खुली थी और कमरे के सामान बिखरे हुए थे। मगर परिजनों की मानें तो कोई किमती सामान गायब होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा तो दर्ज कर लिया है मगर दोनों ही बिन्दुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस हत्या की गुत्थी सुलाझाने में कितना वक्त लगाती है।












Click it and Unblock the Notifications