गाजियाबाद के अस्पताल से बच्चे का अपहरण, पुलिस ने किया बरामद

सुबह ११ बजे विजयनगर स्थित बागू कालोनी निवासी अनीता तीन माह के बेटे और सास के साथ एमएमजी अस्पताल आई थी। वह दवा के लिए लाइन में लगी थी। तभी एक अज्ञात महिला उसके बच्चे को दुलारने लगी। बहुत देर तक सास नहीं आई तो अनीता उस महिला को बच्चा सौंपकर सास को बुलाने चली गई। वापस लौटी तो महिला उसका बच्चा लेकर गायब थी। अनीता ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई।
पुलिस आई और सभी चेक प्वाइंट पर वायरलैस किया गया। करीब तीन घंटे बाद बच्चा करनगेट पुलिस चौकी के पास झुग्गियों से बरामद हुआ। माना जा रहा है जगह- जगह चेकिंग से घबराकर अज्ञात महिला ने बच्चे को यहां छोड़ दिया।
एसएसपी रघुबीर लाल ने बताया कि सरकारी अस्पताल से लगातार बच्चा गायब होने की वारदात हो रही है। बावजूद इसके अस्पताल की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा अपहरण करनेवाली महिला को पुलिस तलाश रही है। इसी अस्पताल से २६ फरवरी को भी एक बच्चा चोरी हो गया था। उस बच्चे का आज तक कुछ पता नहीं चल सका है।
पुलिस को आशंका है कि पूर्व में महिला अस्पताल से बच्चा चोरी करने वाली महिला ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। बच्चा चोरी करने वाली महिला के जारी स्केच से मिलान कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications