पुलिस ने मेरी जिंदगी नर्क कर दी: वजहुल कमर खान

यहां की अपराध शाखा और एटीएस की संभावित गड़बड़ी के चलते खान का नाम इस सूची में शामिल हो जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर पाटिल ने कहा, मैंने इस विषय पर सूचना मांगी है। इस बीच, महाराष्ट्र भाजपा ने कहा है कि पाटिल को इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा कि इस खुलासे ने मुंबई पुलिस और खासतौर पर महाराष्ट्र सरकार की विश्वसनीयता पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। वजाहुल मामले ने भारत को दुनिया भर में हंसी का पात्र बना दिया है। साथ ही हाफिज मोहम्मद सईद और दाऊद इब्राहिम जैसे भगोड़ों को पाल-पोस रहे पाकिस्तान को बचाव का एक मौका भी दे दिया है।
वहीं दूसरी तरफ खान की पत्नी अएशा ने पुलिस पर अपने परिवार की जिंदगी नरक बनाने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि हमारा परिवार यूपी से संबंध रखता है। इसके बावजूद हमें पाकिस्तानी होने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। मालूम हो कि वागले इस्टेट परिसर के इंदिरा नगर रोड स्थित 10 बाई 10 के कमरे में खान, उसकी पत्नी अएशा, 80 वर्षीय मां मोबिया बेगम और पांच बच्चे रहते हैं। इनमें से दो बच्चे ज्ञानोदय नामक अंग्रेजी मीडियम के स्कूल में पढ़ रहे हैं। खान को अब अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है, क्योंकि सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में उसका नाम आने पर स्थानीय लोगों ने उसे संदेह की नजर से देखना शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications