पेट्रोल कीमतें बढऩे के विरोध में पूरे यूपी में आक्रोश

रविवार आधी रात से पेट्रोल कीमतों में पांच रुपये की वृद्धि से आम आदमी का बजट लडख़ड़ा दिया है। जनता पर मंहगाई की मार के विरोध में समाजवादी पार्टी ने केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया। सोमवार को प्रदर्शन की शुरूआत मथुरा से हुई जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाजार में रिक्शा चलाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस प्रकार लगातार पेट्रोल की कीमतों को बढ़ाए जाने का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार पेट्रोल के दाम बढ़ते रहे तो वह दिन दूर नहीं जब आम आदमी के लिए वाहन चला पाना मुश्किल हो जाएगा।
ज्ञात हो कि जब से पेट्रोल की कीमतों पर सरकार नियंत्रण हटाया गया नौ बार पेट्रोल के दाम बढ़ चुके हैं। इस दौरान पेट्रोल की कीमतों में 23 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई जो जनता के लिए निराशाजनक रही। दूसरी ओर सपा ने इलाहाबाद में उग्र प्रदर्शन करते हुए इलाहाबाद जा रही गंगा गोमती एक्सप्रेस रोककर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक ही मांग उठायी कि पेट्रोल की कीमतों को कम किया जाए।
समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की राजधानी में केन्द्र सरकार को पुतला फूंका और पेट्रोल की कीमतों के लिए सीधे तौर पर केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी का कहना था कि देश में बढ़ती मंहगाई के लिए सिर्फ और सिर्फ केन्द्र सरकार ही जिम्मेदार है। उधर भाजपा ने भी केन्द्र के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जगह-जगह प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद में केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। बीजेपी ने भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पेट्रोल की कीमतों को वापस लिए जाने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications