छोटे दलों से चुनावी गठबंधन करेगी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि किसी बड़े दल से चुनावी गठबंधन या सीटों का समझौता नहीं किया जायेगा। लेकिन छोटे व क्षेत्रीय दलों के साथ ऐसी कोई शर्त नहीं होगी पार्टी ऐसे दलों के साथ हाथ मिलाने पर विचार कर सकती है। अपराधिक प्रवृत्ति के उम्मीदवारों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी किसी माफिया या अपराधी को अपना प्रत्याशी नहीं बनायेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि इस बार युवाओं की भागेदारी को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दो दिवसीय प्रान्तीय अधिवेशन आगामी 18 व 19 को वाराणसी में होगा। अधिवेशन का उद्घाटन पार्टी महासचिव राहुल गांधी जबकि समापन 19 मई को कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी करेंगी। डा.जोशी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने पूर्वांचल के बुनकरों को तीन हजार करोड़ रुपये का पैकेज दिया है जिससे उनकी दशा सुधर जायेगी।
राज्य सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए उन्होंने कहा कि गेहूं बिचौलियों के हाथों खरीदा जा रहा है और क्रय केन्द्र कागजी हैं। बिचौलियों व सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से किसानों को भारी नुकसान उठना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय योजनाओं का राज्य में बुरा हाल है और मनरेगा सहित कई महत्वपूर्ण योजनायें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है राज्य के कर्मचारी व अधिकारी योजना का लाभ पूरी तरह से लोगों तक पहुंचने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के पांच हजार करोड़ रुपये का लेखाजोखा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मांगा गया है लेकिन अभी तक उसका जवाब सरकार ने नहीं दिया है। जवाब मिलते ही सरकार का चेहरा बेनकाब हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications