दुनिया का सबसे बदबूदार फूल

वैसे तो इस फूल का नाम एमॉर्फॉफ़ैलस टाइटैनम है लेकिन इसे मुर्दा फूल के नाम से भी जाना जाता है. स्विट्ज़रलैंड में यह 75 सालों में पहली बार खिल रहा है और बासेल में भी इसे खिलने में 17 वर्षों का समय लगा है. बासेल वनस्पति उद्यान को उम्मीद है कि दो मीटर यानी 6.6 फुट ऊँचे इस फूल के मुरझाने से पहले इसे कोई दस हज़ार लोग देख चुके होंगे.
वर्ष 2002 में लंदन के वनस्पति उद्यान में भी ये फूल खिला था
विशेषज्ञ कह रहे हैं कि यह रविवार से मुरझाने लगेगा. समाचार एजेंसी एपी ने विशेषज्ञों के हवाले से कहा है कि अब तक दुनिया में सिर्फ़ 134 बार इस फूल को प्रयास पूर्वक उगाया जा सका है. स्विसइंफ़ो वेबसाइट के अनुसार इस फूल का कोंपल पहली बार मार्च में फूटा था और तब से यह प्रतिदिन कोई छह सेंटीमीटर बढ़ता रहा है.
जिस पौधे से इसे स्विट्ज़रलैंड लाया गया है वह फ़्रैंकफ़र्ट पाम गार्डन में है और 1992 में खिला था. वैसे ये फूल मूल रूप से इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के ऊष्णकटिबंधीय वर्षा वनों में पाया जाता है और इसे आर्द्र मौसम की ज़रुरत होती है. वैसे ये जंगलों में भी यदाकदा ही खिलता है.
कहा जाता है कि इस फूल की गंध जले हुए शक्कर या सड़े हुए मांस की तरह होती है और इस गंध की वजह परागण के लिए कीडे़-मकोड़ों को आकर्षित करना होता है.












Click it and Unblock the Notifications