दिल्ली एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की शाम सुरक्षाकर्मी अचानक हरकत में आ गये और यात्रियों की सघन तलाशी शुरू कर दी। यही नहीं एयरपोर्ट के कोने-कोने में छानबीन की गई। इसे देखते हुए यात्रियों में हड़कंप मच गया, लोग पूछते रहे क्या हुआ, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें कुछ नहीं बताया। देर रात पता चला कि ये अभियान उस फोन कॉल के बाद शुरू किया गया था, जिसमें दिल्ली हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
एक व्यक्ति ने एक हवाई कम्पनी के कॉल सेंटर को फोन कर के कहा कि वह हवाई अड्डे पर विस्फोट करने वाला है। उसकी फोन को गम्भीरता से लेते हुए सुरक्षा अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर शाम सात बजे के बाद एलर्ट जारी कर दिया।
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सहित सुरक्षा एजेंसियों ने खोजी कुत्तों और बम निरोधक दस्ते के साथ हवाई अड्डे पर छानबीन शुरू की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "व्यक्ति ने एयर इंडिया के कॉल सेंटर पर करीब शाम सात बजे फोन किया। फोन पर व्यक्ति ने बम विस्फोट करने की धमकी दी।"
इस बीच सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने यह नहीं बताया था कि बम का विस्फोट कहां होगा। उन्होंने कहा, "व्यक्ति ने परेशान करने के लिए फोन किया होगा लेकिन हम कोई खतरा मोल नहीं ले सकते और हमने जांच की प्रक्रिया पूरी की।" हवाई अड्डे पर चारो तरफ सैकड़ों की संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद थे जो हर स्थान की जांच कर रहे थे।"












Click it and Unblock the Notifications