उत्तर प्रदेश: जमीन के लिए पोते ने की दादा की गला घोंटकर हत्या

पोते ने हत्या को अंजाम देने के बाद खुद ही घटना की जानकारी पुलिस को दी लेकिन थोड़ी सी सख्ती के बाद हत्यारे ने अपराध कुबूल कर लिया। मृतक के दामाद की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम रबडहिया निवासी ईश्वरी प्रसाद कोरी (70) रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। उसके पौत्र राम प्रकाश ने गले में रस्सी कसकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सुबह पौत्र राम प्रकाश ने स्वयं पुलिस को दादा की हत्या की सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो कुछ ही देर में हत्या के कारण व हत्यारे का पता चल गया। पुलिस ने बताया कि मृतक ईश्वरी प्रसाद के दो पुत्रों की मौत के बाद उसकी पांच बीघा जमीन व संपत्ति का इकलौता वारिस उसका पोता राम प्रकाश था, लेकिन ईश्वरी प्रसाद उसे जमीन नहीं दे रहा था। इसमें से साढ़े तीन बीघा जमीन वह बेच चुका था, शेष डेढ़ बीघा जमीन का ईश्वरी प्रसाद ने सौदा कर लिया था। अपने हक की जमीन को बचाने के लिए रामप्रकाश ने दादा को मौत के घाट उतार दिया। दामाद खुशीराम की तहरीर पर पुलिस ने पौत्र राम प्रकाश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया ।












Click it and Unblock the Notifications