उत्तर प्रदेश: दहेज के लिये पति ने की गला दबाकर पत्नी की हत्या

चेन स्नेचिंग, पर्स लूट और दहेज हत्या जैसी वारदातें तो लखनऊ के दिनचर्या में शामिल हो गया है। ऐसी एक वारदात लखनऊ के वजीरगंज इलाके में सोमवार को सामने आई। यहां की रहने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके गले पर चोट का गहरा निशान पाया गया है। महिला के परिजनों का कहना है कि पति ने दहेज में दो लाख रूपये की मांग पूरी न करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। डीआईजी लखनऊ के प्रवक्ता आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि चौधरी गढ़इया, वजीरगंज निवासी सब्जी व्यवसायी नजमुल हक की पत्नी नसरीन (26) की सोमवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल के पास ही नसरीन का मायका भी है। उसके बड़े भाई मो. रईस का आरोप है कि उनका बेटा जीशान दोपहर करीब 3:30 बजे नसरीन के घर की ओर गया था।
जहां दरवाजे पर खड़े नजमुल ने उससे कहा कि तुम्हारी बुआ नसरीन की मौत हो गई है। इस पर नसरीन के घरवाले नजमुल के घर पहुंचे। सईद के मुताबिक नसरीन बेड के पीछे अचेत पड़ी थी। उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनका आरोप है कि दो साल पहले नजमुल ने मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये लिए थे। अब वह नसरीन पर मायके से और दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। नसरीन के इनकार करने पर पति व अन्य ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
नसरीन के बेटा अर्सलान (4) व बेटी आयरीन (1) है। सईद का यह भी आरोप है कि नजमुल खुद पत्नी की हत्या करने की बात कह रहा था और वह खुद ही थाने भी चला गया था। वहीं वजीरगंज कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह का कहना है कि नसरीन के गले में चोट का गहरा निशान है। पुलिस दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications