दिल्ली: घरेलू कलह के चलते लेडी सब इंस्पेक्टर की पति और बेटे ने की हत्या

वह वर्ष 1988 में दिल्ली पुलिस में एएसआइ हुई थी। वर्तमान में वह नानकपुरा स्थित महिला अपराध शाखा में सब इंस्पेक्टर तैनात थी। नौकरी के चार साल बाद वर्ष 1992 में विपिन बाला ने अनिल शर्मा (44) से प्रेम विवाह किया था। दोनों समयपुर बादली में रहते थे। दोनों के 16 व 12 साल के दो बेटे हैं, जो दसवीं व सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं। इस समय बड़े बेटे के पेपर चल रहे हैं। अनिल शर्मा का सनलाइट कालोनी में अन्नपूर्णा नाम से ढाबा है। समयपुर बादली में अनिल शर्मा के पिता शिव कुमार शर्मा से विपिन बाला के विचार न मिलने पर दोनों किलोकरी गांव में जमीन खरीद कर रहने लगे। बताया जाता है कि अलग रहने के बावजूद अनिल घरवालों को लगातार पैसे देता है। इस कारण पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था।
कुछ साल से तो एक कमरे में विपिन बाला रहती थी और दूसरे कमरे में अनिल शर्मा दोनों बेटों के साथ रहता है। दोनों का खाना-पीना भी अलग होता था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच घरवालों को पैसे देने की बात पर झगड़ा हो गया। विपिन बाला नहीं चाहती थी कि अनिल शर्मा अपने पिता व बहन से संबंध रखे। उनका घर आना-जाना भी उसे अच्छा नहीं लगता था। शुक्रवार शाम सात बजे विपिन बाला छोटे बेटे को लेकर ढाबे पर पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। बात जब थाने तक पहुंची तो पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों को घर भेज दिया। पति-पत्नी के बीच विवाद से दोनों बच्चे भी नाराज रहते थे।
शुक्रवार को झगड़े से नाराज छोटे बेटे ने उससे कहा कि ढाबे में जाकर हंगामा करने से उसकी इमेज खराब हो गई। इस बात पर विपिन बाला ने बेटे को दो-चार थप्पड़ जड़ दिए। बेटे की पिटाई होते देख अनिल को गुस्सा आ गया। उसने बड़े बेटे के साथ मिलकर रात करीब डेढ़ बजे घर में रखे तार से विपिन बाला का गला घोंट दिया। रात को उन लोगों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और न ही घर छोड़कर भागे। शनिवार सुबह करीब पांच बजे ही दोनों ने सनलाइट कालोनी थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications