नोएडा जमीन घोटाले की सीबीआई जांच हो: सपा

सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने यहां कहा कि हम नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मई 2007 से मार्च 2011 तक किए गए जमीन आवंटन की सीबीआई से जांच कराने की मांग करते हैं ताकि धांधलीपूर्ण आवंटन से हुए राजस्व के नुकसान की भरपाई हो सके और इसमें शामिल भ्रष्ट अधिकारी जेल भेजे जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा सिटी सेंटर के सेक्टर 25 ए और 32 में 162 एकड़ जमीन वेब सिटी इन्फ्रास्ट्रक्चर कम्पनी को 85 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर से आवंटित कर दी गई है।
साथ ही उसे बहुमंजिला इमारत बनवाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दे दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस जमीन की मौजूदा कीमत लगभग 24 हजार करोड़ रुपए है, जिसे सिर्फ सात हजार करोड़ रुपए में ही दे दिया।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रुप हाउसिंग के नाम पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा नोएडा एक्सटेंशन योजना में आम्रपाली, गौर सिटी, थ्री सी, गार्डेनिया, सुपर टेक, पारस ग्रुप तथा अजनारा गुप जैसी बड़ी कम्पनियों को हजारों एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा यमुना एक्सप्रेस वे पर भी टाउनशिप बनाने के लिए वेब सिटी इन्फ्रास्ट्रक्चर कम्पनी को पांच हजार एकड़ जमीन आवंटित की जा रही है। सपा नेता ने आरोप लगाया कि जमीनों के आवंटन में लगभग एक लाख करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications