यूपी में गंगा नदी पर कांग्रेस निकालेगी 'जल यात्रा'

कांग्रेस की जलयात्रा की शुरूआत अगले माह 15 अप्रैल को कानपुर से होगी। यात्रा स्टीमर पर शुरू होकर फतेहपुर, कौशाम्बी, इलाहाबाद और भदोही होते हुए 27 अप्रैल को मिर्जापुर पहुंचेगी। प्रदेश के राजनैतिक इतिहास में यह पहली यात्रा होगी जिसमें कोई राजनैतिक दल जल मार्ग का प्रयोग कर मतदाताओं को अपनी ओर करने का प्रयास करेगा। इस कार्यक्रम से पूर्व पार्टी गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में जनसभाएं कर जनाधार मजबूत करेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार यात्रा को संगठित एवं सफल बनाने के लिए एकलव्य सेना की प्रदेश इकाई पूरा सहयोग करेगी। आकर्षण की बात यह होगी कि निषाद तथा केवट समाज के लोग पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का स्वागत गंगा की जलधारा के बीच ही स्वागत करेंगे। इतना ही नहीं इस दौरान वे जिले की सीमा तक यात्रा में शामिल होंगे। इसी प्रकार यह सिलसिला एक जिले से दूसरे जिले तक चलता रहेगा।
जलयात्रा के रास्ते में गंगा नदी के तट पर बसे कस्बों, गांवों तथा शहरों में जगह-जगह जनसभाएं आयोजित की जाती रहेगी जिसमें स्थानीय कांग्रेस नेता सक्रिय योगदान करेंगे। योजना है कि जलयात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठi नेता व केन्द्रीय मंत्री भी उपस्थित रहें। यात्रा का नेतृत्व राज्य कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उन्मेद निषाद करेंगे। यात्रा की तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं तथा कांग्रेस के प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता व एकलव्य सेना के पदाधिकारी बैठक कर यात्रा को सफल बनाने की रणनीति तैयार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications