छत्तीसगढ़: पुलिस का दावा मुठभेड़ में मार गिराए 30 नक्सली
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में सोमवार को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 30 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ स्थल पर करीब 300 हथियारबंद नक्सली मौजूद थे। बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में सोमवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच उसी स्थान पर यह मुठभेड़ हुई जहां नक्सलियों के साथ संघर्ष में पिछले साल अप्रैल में 76 सुरक्षा बल शहीद हो गए थे।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि मडपल्ली गांव के नजदीक हुई मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए हैं जबकि 3 अन्य घायल हो गए हैं। उन्हें वहां से हेलीकाप्टर से निकाला जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि जवानों ने कम से कम 30 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस दौरान कोया कमांडो के 2 जवानों सहित कुल 3 जवान शहीद हो गए।
पुलिस नक्सलियों के शवों को बरामद नहीं कर पाई। नक्सली अपने साथियों के शव लेकर घने जंगलों में चले गए। हालांकि सूत्रों ने कहा कि 30 नक्सलियों के मारे जाने की बात अतिरंजित मालूम पड़ती है लेकिन निश्चित तौर पर नक्सलियों को भारी हानि पहुंची है।













Click it and Unblock the Notifications