आलू ने ली दो बच्चों की जान, पांच को किया बीमार

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के शालाबाद गांव में गुरुवार को विषाक्त आलू खाने से लोकेश (5) और सुमित (3) की मौत हो गई। वहीं इसकी वजह से गांव के ही अन्य पांच किशोर बीमार पड़ गए हैं। चिकित्सकों के मुताबिक मिचली और बार-बार उल्टी की शिकायत के बाद बच्चों को भर्ती कराया गया था।
जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) जय सिंह ने शुक्रवार को यहां सवाददाताओं को बताया कि प्रथम दृष्टया यह विषाक्त भोजन का मामला लग रहा है। बताया जा रहा है कि स्थानीय किसानों से आलू खरीदे गए थे।
उन्होंने बताया कि आशंका जाहिर की जा रही है कि किसानों ने आलू की उपज बढ़ाने के लिए भारी मात्रा में कीटनाशक का इस्तेमाल किया होगा।
श्री सिंह ने कहा कि बीमार किशोरों का अलीगढ़ और बुलंदशहर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हालांकि घटना के बाद से अभी तक विषाक्त भोजन की कोई और शिकायत नहीं मिली है। फिर भी ऐहितयातन चिकित्सकों सहित अन्य स्वास्थकर्मियों की टीम गांव में डेरा डाले हुए हैं।
उप-जिलाधिकारी शीतला प्रसाद गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद गांव के कुछ किसानों से उनके भंडार से आलू के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications