राधिका हत्याकांड: डीयू व संबद्ध कॉलेज बंद, कई हिरासत में

राधिका के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और डीयू छात्र संघ ने पश्चिमी दिल्ली में जगह-जगह जाम प्रदर्शन किया। छात्रों ने सुबह कई रासतों पर धरना देकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
उधर दिल्ली पुलिस का दावा है कि नारायण गांव के निवासी व राधिका के उस पड़ोसी को हिरासत में लिया गया है, जिसे राधिका ने कुछ दिन पहले झापड़ मारा था। पुलिस का कहना है कि हो सकता है उस युवक ने राधिका से बदला लेने के लिए उसकी हत्या की हो। फिलहाल स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है।
दिल्ली पुलिस ने राधिका के हत्यारों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया है। साथ ही 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लगा दिया है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश डाली जा रही है। लेकिन पिछले तीन दिनों में पुलिस को अभी तक एक भी ठोस सफलता नहीं मिली। पुलिस ने एक स्केच भी जारी किया था, जिसपर राधिका के परिवारवालों का कहना है कि वो स्केच उस व्यक्ति का है, जो पिछले तीन साल से उसे परेशान कर रहा था।
शीला दीक्षित बोलीं जिम्मेदार बनें दिल्लीवासी
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने गुरुवार को दिल्लीवासियों को और जिम्मेदार बनने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब भी कोई निवासी किसी वारदात को अंजाम होते देखे तो उसे इसके बारे में आगे आकर पुलिस को बताना चाहिए।
गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान दीक्षित ने कहा, "छात्रा को गोली लगने के बाद किसी भी व्यक्ति ने आवाज नहीं उठाई और न ही उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की वैन पहुंचने के बाद ही लड़की को अस्पताल ले जाया जा सका, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्रा को इतने नजदीक से गोली मारी गई थी कि वह जीवित नहीं बच सकती थी।"
राधिका की हत्या पर आश्चर्य जताते हुए दीक्षित ने कहा कि इस सिलेसिले में आसपास मौजूद किसी भी शख्स ने कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा, "आम समाज के बारे में क्या कहा जाए, जो लोग मौके पर मौजूद थे उन्होंने अपनी आंखें बंद कर रखी थीं और कहते हैं कि इससे उनका कुछ लेना देना नहीं है। यह मेरा काम नहीं है। मैं इस सिलेसिले में कुछ नहीं कहूंगी।" मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़की के माता-पिता इससे विचलित हैं और इसके लिए पुलिस को दोषी ठहरा रहे हैं। उन्होंने कहा, "आम समाज और लोगों को सामने हो रहे किसी अपराध अथवा किसी घटना के दौरान और जिम्मेदार होना चाहिए।"
गौरतलब है कि मंगलवार को राधिका तनवर की पश्चिमी दिल्ली में सड़क पर गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी। उस वारदात को दर्जनों लोगों ने अपनी आंखों के सामने देखा, लेकिन कोई भी नहीं बोला। अभी तक एक भी व्यक्ति आगे आने को तैयार नहीं है, जो कम से कम हत्यारों का स्केच तक बनवाने में मदद कर सके।












Click it and Unblock the Notifications