मुंबई के बांद्रा में झोपड़पट्टियों में आग

विनीत खरे, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
मुंबई की झोपड़पट्टियों में पहले भी कई बार आग लग चुकी हैं. मुंबई के बांद्रा पूर्व में शुक्रवार की शाम ग़रीब नगर इलाक़े की झोपड़पट्टियों में आग लगने से कई सौ झोपड़पट्टियाँ जलकर राख हो गई हैं, हालांकिं अब आग पर क़ाबू पा लिया गया है. बांद्रा रेल स्टेशन से लगे इस इलाक़े में ये आग शाम क़रीब आठ बजे शुरू हुई.
दूर से देखने से लग रहा था कि आग से रेलवे स्टेशन के कुछ हिस्से को भी नुक़सान पहुँचा है. इलाक़े को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है. घनी आबादी का होने की वजह से फ़ायर ब्रिगेड के लोगों को आने में काफ़ी परेशानियाँ हुईं. भारी आबादी वाले इस इलाके़ में कई लोग कपड़े सिलने और छोटे मोटे काम से जुड़े हैं.
प्रमुख फ़ायर ऑफ़िसर उदय तटकरे ने बीबीसी को बताया की आग बुझाने के लिए 26 दमकलों को बुलाया गया था. इलाक़े में अफ़रा-तफ़री का माहौल था. आग लगने के दौरान कई बार कुछ फटने की आवाज़ें भी आती रहीं. लोग अपना सामान, गैस-सिलेंडर लेकर दूर भाग रहे थे. कुछ लोग ऊपर वाले से रहम की गुहार लगा रहे थे. अभी तक किसी के मारे जाने का कोई समाचार नहीं है, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ कुछ लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल भरती करवाया गया है.












Click it and Unblock the Notifications