पत्नी सहित 5 दिन की पुलिस हिरासत में NALCO अध्यक्ष
सीबीआई ने श्रीवास्तव और उनकी पत्नी चांदनी श्रीवास्तव के साथ भूषण लाल बजाज और अनीता बजाज को रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ओ. पी. सैनी ने चारों को तीन मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। न्यायालय में पेश होने से पहले चांदनी ने कहा, "सीबीआई ने जिस लॉकर को जब्त किया है वह मेरे पति के नाम पर नहीं है वह मेरे पति को कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं।"
सीबीआई ने शुक्रवार रात को जारी किए गए एक बयान में कहा कि सीबीआई ने श्रीवास्तव की पत्नी को एक-एक किलोग्राम वजन की 24 कैरेट सोने की 3 ईंटें रिश्वत के रूप में लेते समय गिरफ्तार किया था। श्रीवास्तव की पत्नी ने यह रिश्वत श्रीवास्तव और मध्य प्रदेश स्थित एक निजी कम्पनी के बीच सौदे की मध्यस्थता कर रहे एक बिचौलिए की पत्नी से ली थी।
सीबीआई ने जब छापा मारा तब श्रीवास्तव की पत्नी बिचौलिए की पत्नी से उपहरा में ये सोने की ईंटे ले रही थीं। चांदनी, नई दिल्ली स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में मौजूद बैंक लॉकर में सोने की तीन ईंटें रखने वाली थीं। बैंक का यह लॉकर बिचौलिए की बीवी के नाम पर है। श्रीवास्तव की पत्नी इसे बेनामी लॉकर के रूप में संचालित करती थीं।
छापे के दौरान इस लॉकर से एक-एक किलोग्राम वजन की सोने की 7 और ईंटें मिली हैं। 188 ग्राम सोने के जेवर और 9.5 लाख रुपये नकद भी इस लॉकर से बरामद हुए हैं। तलाशी के दौरान श्रीवास्तव की पत्नी के बैग से पांच लाख रुपये नकद और एक अन्य लॉकर की चाबी बरामद हुई। जब इस लॉकर को खोला गया तो इसमें 15 लाख रुपये की नकदी पाई गई।













Click it and Unblock the Notifications