रामदेव के समर्थन में उतरी भाजपा

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में इस घटना की निंदा की और कांग्रेस से सांसद के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की. जावड़ेकर ने घोषणा की कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी इस मुद्दे को संसद में उठाएगी. दूसरी ओर कांग्रेस के प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा कि पार्टी मामले की जानकारी हासिल कर रही है.
दरअसल बाबा रामदेव ने आरोप लगाया था कि अरुणाचल प्रदेश में एक योग शिविर के दौरान कांग्रेस के एक सांसद ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहे. रामदेव का कहना है कि उन्हें 'ब्लडी इंडियन" कहा गया, जबकि कांग्रेस सांसद निनोंग इरिंग इस आरोप से साफ़ इनकार करते हैं.
टीवी ख़बरों में दिखाया जा रहा है कि अरुणाचल के एक शिविर में मंच के नजदीक खड़े कांग्रेस सांसद निनोंग इरिंग की ओर इशारा करते हुए रामदेव ने कह रहे हैं कि वो मुझे अपशब्द कह रहे हैं. दूसरी ओर कांग्रेस सांसद ने बाबा रामदेव के ख़िलाफ़ कुछ भी कहे जाने की बात का खंडन किया है और दावा किया कि बाबा रामदेव ने जब नेहरू-गांधी परिवार और केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तो उन्होंने सिर्फ़ उस पर आपत्ति जताई थी.
निनोंग इरिंग पूर्वी अरुणाचल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. उल्लेखनीय है कि आजकल बाबा रामदेव भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ पूरे देश में मुहिम चला रहे हैं, इसी मुहिम के तहत वो अरुणाचल में थे.












Click it and Unblock the Notifications