ग़लत भाषण पढ़ने का ग़म नहीं

एसएम कृष्णा ने अनजाने में पुर्तगाली विदेश मंत्री के भाषण का कुछ अंश पढ़ दिया था
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बहस के दौरान अनजाने में पुर्तगाल के विदेश मंत्री के भाषण के शुरुआती अंश पढ़ने वाले भारतीय विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा है कि ये कोई बड़ी बात नहीं है.
एसएम कृष्णा ने कहा कि ऐसी चीज़ें होती हैं क्योंकि इस तरह के भाषणों के शुरुआती कुछ अंश एक जैसे ही होते हैं.
विदेश मंत्री ने कहा, "इसमें कोई ग़लत बात नहीं है. कई तरह के काग़ज़ मेरे सामने पड़े हुए थे और अनजाने में मैंने ग़लत भाषण ले लिया."
शुक्रवार को सुरक्षा परिषद में सुरक्षा और विकास पर चर्चा चल रही थी और एसएम कृष्णा क़रीब तीन मिनट तक ग़लत भाषण पढ़ते रहे.
बाद में संयुक्त राष्ट्र में भारतीय दूत हरदीप सिंह पुरी ने एसएम कृष्णा को इस ग़लती का अहसास कराया.
बाद में विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया लेकिन ये भी कहा कि ऐसी चीज़ें होती हैं.
उन्होंने बताया कि भाषण का पहला हिस्सा आम तौर पर समान ही होता है, जिसमें प्रतिनिधियों का स्वागत किया जाता है. इसमें कुछ आम चीज़ें भी होती हैं, जैसे- संयुक्त राष्ट्र से जुड़े विकास और सुरक्षा के मामले.
लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि भाषण की कुछ पंक्तियाँ सामान्य नहीं थी.












Click it and Unblock the Notifications