रीएलिटी शो में चयन न होने पर छात्र ने लगाई फांसी
पुलिस ने शनिवार को बताया कि दक्षिण 24 परगना के कस्बा इलाके में रहने वाला संदीप एक नृत्य कार्यक्रम में जगह बनाने में असफल हो गया था। असफल होने से वह निराश था। वह पांचवी कक्षा का छात्र था।
पुलिस के अनुसार संदीप के घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। इस वजह से उसके माता पिता उसे नृत्य स्कूल में दाखिला नहीं दिला सके।
कस्बा पुलिस स्टेशन के प्रभारी गौतम चटोपाध्याय ने बताया, "संदीप टेलीविजन देखकर नृत्य सीखा करता था। टेलीविजन पर दिखाए जाने वाले नृत्य कार्यक्रमों के लिए उसने करीब छह ऑडिशन दिए थे लेकिन उसका कहीं भी चयन नहीं हो सका।"
उन्होंने बताया, "उसके पड़ोसियों ने बताया कि चयन न होने की वजह से वह निराश था।"
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संदीप शुक्रवार को एक अन्य नृत्य के कार्यक्रम के लिए ऑडिशन देना चाहता था लेकिन उसके माता पिता ने पैसे देने से इंकार कर दिया।
संदीप की माता जब काम से रात के करीब नौ बजे घर लौटीं तो उन्होंने संदीप को घर की छत से लटकते हुए पाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications