मिस्र में सेना की घोषणाओं का इंतजार
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पिछले कुछ सप्ताहों से प्रदर्शन का केंद्र रहे तहरीर चौक और उसके आस पास के मार्ग अवरोधों को नागरिकों और सेना के जवानों ने हटा दिया है।
तहरीर चौक पर हजारों की संख्या में लोग एकत्र हैं और उनमें से कई गलियों और बगीचों की साफ सफाई करने में जुटे हैं।
चिकित्सा के एक छात्र मरियम ने बताया, "यह एक शुरुआत है। देश के पुनर्निर्माण में अब हमें अपनी वास्तविक भूमिका का निर्वहन करना है।"
ज्ञात हो कि मुबारक के करीब 30 वर्षो के शासन के खिलाफ जारी जनांदोलन उनके इस्तीफे के बाद शांत हुआ। मुबारक ने इस्तीफे के बाद देश की बागडोर सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च परिषद को सौंप दी।
इस शक्तिशाली परिषद के अध्यक्ष रक्षा मंत्री फील्ड मार्शल मोहम्मद हुसैन तांतवी हैं। परिषद ने शुक्रवार रात घोषणा की कि वह देश में व्यवस्था कायम करने और लोगों की मांगों को पूरा करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की घोषणा करेगी।
परिषद ने वादा किया है कि वह सरकार के एक विकल्प के रूप में काम नहीं करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications