मुबारक के पद छोड़ने की अटकलें, तहरीर चौक पर उत्सव का माहौल (राउंडअप)
मुबारक के पद छोड़ने की अटकलों पर एक तरह से मुहर लगाते हुए सेना प्रमुख जनरल समी इमान ने तहरीर चौक पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, "आपके सपने आज की रात पूरे होंगे। अल्लाहु अकबर।"
जनरल ने कहा कि आपकी मांगें आज रात पूरी हो जाएंगी। जनरल द्वारा यह घोषणा करते ही वहां मौजूद प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय गीत गाने लगे और खुशी से झूमने लगे।
इससे पहले खबर आई कि मुबारक गुरुवार देर रात अपने राष्ट्रपति मुख्यालय से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। सरकारी टेलीविजन ने कहा कि राष्ट्रपति देश को संबोधित करेंगे।
सत्ताधारी पार्टी के एक अधिकारी ने बताया कि सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बात की सम्भावना जताई जा रही है कि मुबारक गुरुवार देर रात तक अपने पद से हट सकते हैं।
पिछले 30 वर्षो से सत्ता पर काबिज मुबारक पर पद छोड़ने का चौतरफा दबाव है। मुबारक के राष्ट्रपति पद से हटने की अटकलों के बाद प्रदर्शन का केंद्र बने तहरीर चौक पर उत्सव का माहौल है। पिछले 25 जनवरी से तहरीर चौक आंदोलन का केंद्र बना हुआ है।
समाचार चैनल 'सीएनएन' की रिपोर्ट के मुताबिक मुबारक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले मिस्र के लोगों के बीच उत्सव का माहौल है।
वर्ष 1981 से मिस्र की सत्ता पर काबिज मुबारक ने अपने खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बाद कहा था कि वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सितम्बर में अपने पद से हट जाएंगे लेकिन जनता को उनका यह प्रस्ताव मंजूर नहीं हुआ और उन्होंने अपना प्रदर्शन जारी रखा।
उल्लेखनीय है कि मुबारक के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले दो सप्ताह से देशव्यापी आंदोलन जारी है। अब इस जनविद्रोह में आम लोगों के साथ ही श्रम संगठन, वकील और डाक्टर भी कूद पड़े हैं। आंदोलन में सभी वर्गो के लोगों के शामिल हो जाने से मुबारक पर पद छोड़ने का दबाव लगातार बढ़ता गया।
पिछले दो सप्ताह में आंदोलन के बढ़ने के साथ ही मुबारक ने गद्दी बचाने के लिए कई सुधारों और सत्ता हस्तांतरण के लिए संविधान की समीक्षा के लिए समिति गठित करने जैसे कदम उठाने की बात कही लेकिन प्रदर्शनकारी मुबारक के इस्तीफे से कम पर मानने को तैयार नहीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 25 जनवरी के बाद से चल रहे विरोध प्रदर्शनों में देश में अब तक 300 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications