काहिरा के तहरीर चौक पर खुशी का माहौल
काहिरा, 11 फरवरी (आईएएनएस)। मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा सुनते ही काहिरा के तहरीर चौक पर खुशी का माहौल है। तहरीर चौक पर लाखों की संख्या में लोग 'मिस्र आजाद, मिस्र आजाद' के नारे लगा रहे हैं। 30 साल से सत्ता में काबिज मुबारक के इस निर्णय का लोगों ने स्वागत किया है।
उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान ने घोषणा करते हुए कहा कि मुबारक अपने परिवार के साथ काहिरा छोड़कर सिनाई के शर्म-अल-शेख विश्रामस्थल चले गए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया है।
राष्ट्रपति के जाने की खबर मिलते ही लोगों में खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। प्रदर्शनकारियों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोग बैनर और पोस्टर के साथ तहरीर चौक पर जमा होकर अपनी खुशियों का इजहार करने में जुटे हैं और एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। लोग 'मिस्र आजाद, मिस्र आजाद' के नारे लगा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि लाखों की संख्या में लोग गत 25 जनवरी से मुबारक को सत्ता छोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। 18 दिनों के प्रदर्शन और चौतरफा दबावों के चलते मुबारक को आखिरकार सत्ता छोड़नी पड़ी।
वर्ष 1981 से मिस्र की सत्ता पर काबिज मुबारक ने अपने खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बाद कहा था कि वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सितम्बर में अपने पद से हट जाएंगे लेकिन जनता को उनका यह प्रस्ताव मंजूर नहीं हुआ और उन्होंने अपना प्रदर्शन जारी रखा।
इसके बाद मुबारक के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले दो सप्ताह से देशव्यापी आंदोलन ने जोर पकड़ा। इस जनआंदोलन में आम लोगों के साथ ही श्रम संगठन, वकील और डाक्टर भी कूद पड़े। आंदोलन में सभी वर्गो के लोगों के शामिल हो जाने से मुबारक पर पद छोड़ने का दबाव लगातार बढ़ता गया।
पिछले दो सप्ताह में आंदोलन के बढ़ने के साथ ही मुबारक ने गद्दी बचाने के लिए कई सुधारों और सत्ता हस्तांतरण के लिए संविधान की समीक्षा के लिए समिति गठित करने जैसे कदम उठाने की बात कही लेकिन प्रदर्शनकारी मुबारक के इस्तीफे से कम पर मानने को तैयार नहीं थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications