सुरेश कलमाड़ी का सहयोगी पुणे में गिरफ्तार
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाडी के विशेष कार्याधिकारी रहे शेखर देवरुखर को पुणे से गिरफ्तार किया।
सीबीआई की उप महानिरीक्षक विनिता ठाकुर ने आईएएनएस को बताया, "शेखर को शुक्रवार अपराह्न् पुणे से गिरफ्तार किया गया और उसे सीबीआई की एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। हम उसे शनिवार को ट्रांजिट रिमांड पर दल्ली लाएंगे।"गौरतलब है कि पिछले साल तीन से 14 अक्टूबर के दौरान दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारी पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगते रहे हैं।
जांच एजेंसी भ्रष्टाचार के आरोपों के सिलसिले में गत पांच जनवरी को कलमाडी से पूछताछ की और उनके दिल्ली, पुणे और मुम्बई स्थित परिसरों की तलाशी ले चुकी है।अपनी जांच प्रक्रिया तेज करते हुए सीबीआई ने कलमाडी के करीबी सहयोगियों आयोजन समिति में राजस्व, विपणन के संयुक्त महानिदेशक टी.एस. दरबारी, उप महानिदेशक (विपणन) संजय महेंद्रू को 15 नवंबर और संयुक्त निदेशक (वित्त) एम. जयचंद्रन 21 नवंबर को गिरफ्तार किया था।
इन तीनों के खिलाफ सीबीआई को 60 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करना था लेकिन वह दी गई समय सीमा के भीतर आरोपपत्र दाखिल नहीं कर पाई जिसके चलते न्यायालय ने तीनों को जमानत दे दी।उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में कथित अनियमितताओं को लेकर तीन शिकायतें दर्ज की हैं। इनमें से दो शिकायतें क्वींस बैटन रिले समारोह के लिए लंदन की कम्पनी एएम फिल्मस को दिए गए ठेके से सम्बंधित है। तीसरी शिकायत खेलगांव और अन्य खेल के स्थलों पर साज सज्जा में खर्च 107 करोड़ रुपये से सम्बंधित है।












Click it and Unblock the Notifications