पाकिस्तान के साथ वार्ता बहाली सुविचारित फैसला : भारत
न्यूयार्क, 11 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के साथ सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत शुरू करने की उसकी पहल एक 'सुविचारित फैसला' है। भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान गत 26 नवंबर 2008 को मुम्बई पर हुए आतंकी हमलों के साजिशकर्ताओं को न्याय के कठघरे में लाने के लिए कदम उठाएगा।
संयुक्त राष्ट्र में दो वर्षो के लिए भारत की अस्थाई सदस्यता मिलने के बाद अपनी दो दिनों की पहली यात्रा पर गुरुवार को यहां पहुंचे विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कहा, "हमारे द्वारा किया गया यह एक सुविचारित फैसला है।"
उन्होंने कहा, "हमें दोनों देशों के बीच सभी महत्वपूर्ण मुद्दों का हल निकालना होगा।"
विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि दोनों देशों के बीच विदेश सचिवों के स्तर पर होने वाली वार्ता एक सकारात्मक दिशा में होगी और यह वार्ता विदेश मंत्रियों के स्तर पर बैठक आयोजित करने के लिए रास्ता बनाएगी।"
कृष्णा से यह पूछे जाने पर कि जब भारत में इस तरह की धारणा है कि पाकिस्तान ने मुम्बई हमलों के साजिशकर्ताओं को दंडित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ऐसे में भारत उसके साथ बातचीत के लिए कैसे तैयार हो गया।
इसके जवाब में कृष्णा ने कहा, "दो देशों के बीच के सम्बंधों में कुछ भी स्थिर नहीं होता।"
उन्होंने कहा, "भारत उम्मीद करता है कि मुम्बई हमलों के सभी साजिशकर्ताओं को न्याय के कठघरे में लाने के लिए पाकिस्तान अपने कदमों को जारी रखेगा।"
उल्लेखनीय है कि भारत ने भूटान की राजधानी थिम्पू में गुरुवार को घोषणा की कि वह पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दों पर बातचीत करने के लिए तैयार है। दोनों देशों के विदेश सचिव स्तर की बैठक गत रविवार को हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications