हिमाचल ने करमापा को दी 'क्लीन चिट'
प्रदेश की मुख्य सचिव राजवंत संधू ने यहां संवाददाताओं से कहा, "करमापा की किसी वित्तीय अनियमितता में संलिप्तता नहीं है। हमारे पास यह विश्वास करने के लिए पर्याप्त कारण हैं कि मठ के लिए कुछ दान आए थे और करमापा ने उस धन का कोई उपयोग नहीं किया। वित्तीय लेनदेन के मामलों को मठ के अधिकारी देखते हैं।"
गौरतलब है कि पुलिस ने 28 जनवरी को करमापा लामा के मठ, ग्यूटो तांत्रिक विश्वविद्यालय और धर्मशाला के निकट एक मठ से लगभग 70 करोड़ रुपये मूल्य की बिना गिनती की विदेशी एवं भारतीय मुद्रा बरामद की थी।
बौद्धों के तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा धर्मशाला के निकट स्थित मठ से ही अपनी निर्वासित सरकार चलाते हैं।
संधू ने कहा, "करमापा धार्मिक प्रमुख हैं और उनके अनुयायी दुनियाभर में हैं। हम उनकी धार्मिक गतिविधियों का सम्मान करते हैं। हम किसी धार्मिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे।"
उन्होंने कहा कि पुलिस जब्त मुद्रा की अभी भी जांच कर रही है, जिसमें भारी मात्रा में चीनी मुद्रा युआन और 600,000 डॉलर भी शामिल हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन मुद्रा का स्रोत क्या है एवं ये किस मकसद से रखी गई थीं।
संधू ने कहा, "पुलिस मठ के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है और कानून अपना काम करेगा।"
ज्ञात हो कि इस मामले में करमापा के सहयोगी रुबगी चोसांग सहित सात लोग पुलिस हिरासत में हैं। चोसांग शक्ति लामा के नाम से भी जाने जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications