तृणमूल दार्जीलिंग में हिंसा भड़का रही है : मंत्री
कोलकाता, 11 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के शहरी विकास एवं नगर निगम मामलों के मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस दार्जीलिंग हिल्स व जलपाईगुड़ी के डुअर्स में हिंसा भड़का कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
दार्जीलिंग जिले के सिलीगुड़ी से राज्य विधानसभा में चुनकर आए भट्टाचार्य ने कहा, "दार्जीलिंग हिल्स में तृणमूल का कोई आधार नहीं है। वह वहां हिंसा को बढ़ावा देने के लिए गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) का इस्तेमाल कर रही है और इसका राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।"
भट्टाचार्य ने मंगलवार सुबह भड़की हिंसा की निंदा करते हुए कहा, "लोग हिंसा से ऊब गए हैं। उन्होंने मोर्चा (जीजेएम) पर विश्वास खो दिया है।" हिंसा भड़कने पर डुअर्स इलाके में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए थे।
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर कहा, "जीजेएम कार्यकर्ता जानबूझकर हिंसा भड़का रहे हैं। हम शांति चाहते हैं लेकिन मोर्चा शांति की पहल को भटकाने की कोशिश कर रहा है।"
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि तृणमूल, जीजेएम और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए हिंसा भड़काने की दिशा में मिलजुल कर काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications