पाकिस्तान में शुक्रवार को शपथ लेगा नया मंत्रिमंडल
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता फरहतुल्ला बाबर ने कहा, "नए मंत्रिमंडल में कुल 40 सदस्य शामिल होंगे। पहले चरण में हालांकि केवल 15 मंत्री ही शपथ लेंगे।"
पाकिस्तान के संघीय कैबिनेट के सदस्यों ने बुधवार को प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी को अपना इस्तीफा भेज दिया था। सत्ताधारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने बढ़ते खर्चो को नियंत्रित करने और प्रत्येक सदस्यों के काम को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट में आवश्यक बदलाव करने का फैसला किया था।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री गिलानी ने सोमवार को कैबिनेट की अध्यक्षता करते हुए देश में जारी वित्तीय संकट, आतंकवाद और बाढ़ जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए वर्तमान मंत्रियों के प्रयासों की सराहना भी की थी।
समाचार चैनल जियो टीवी के मुताबिक ऐसी सम्भावना है कि पूर्व मंत्रिमंडल में शामिल विदेश मंत्री शाह मोहम्मद कुरैशी, आतंरिक मंत्री रहमान मलिक जैसे कुछ मंत्री नए मंत्रिमंडल में भी बरकरार रहेंगे।
नए मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या पहले से लगभग आधी होगी। इससे पहले मंत्रिमंडल में 80 से अधिक मंत्री शामिल थे।
देश के सामने मौजूद वित्तीय संकट को देखते हुए इतने बड़े मंत्रिमंडल को लेकर सरकार की काफी आलोचना हो रही थी। मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) मंत्रिमंडल को छोटा करने की मांग कर रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications