रेमंड पर हत्या का मुकदमा चलाएगी पाकिस्तानी पुलिस
इस्लामाबाद, 11 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान की पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि वह अमेरिकी अधिकारी रेमंड डेविस के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाएगी। लाहौर के एक न्यायालय ने शुक्रवार को रेमंड की न्यायिक हिरासत की अवधि 14 दिन बढ़ा दी।
पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास में तैनात डेविस ने 27 जनवरी को लाहौर में दो पाकिस्तानी नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रेमंड का दावा है कि उसने गोलियां आत्मरक्षा में चलाईं क्योंकि दोनों नागरिकों ने उसे लूटने का प्रयास किया।
लाहौर के पुलिस अधिकारी असलम तरीन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हमारी जांच में यह साबित हो गया है कि यह पूरी तरह से दोहरे हत्याकांड का मामला है।"
उन्होंने बताया कि पुलिस रेमंड के खिलाफ हत्या का आरोपपत्र दाखिल करेगी। रेमंड के इस दावे पर कि उसने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। इस पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस को "न तो ऐसा कोई साक्ष्य मिला है और न ही प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी पुष्टि की।"
पुलिस अधिकारी ने स्वीकार किया कि मारे गए दोनों नागरिकों के पास भी पिस्टल थी।
उन्होंने बताया कि रेमंड "जांच अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहा है और आक्रामक रुख दिखा रहा है। उसके पास से संवेदनशील दस्तावेज और उपकरण बरामद हुए थे।"
अमेरिकी अधिकारी को राजनयिक उन्मुक्तता का लाभ देने के बारे में तरीन ने बताया कि यह मामला पहले ही लाहौर उच्च न्यायालय में है और इस बारे में न्यायालय को फैसला करना है।
पंजाब प्रांत सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा, "जेल में रेमंड को कोई विशेषाधिकार प्राप्त नहीं होगा और उसे अन्य सामान्य कैदियों की तरह रखा जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications