मायावती को सत्ता से हटाने के लिए कमर कसें कार्यकर्ता : मुलायम
गोरखपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे आपसी मतभेद भुलाकर भ्रष्ट मायावती सरकार को सत्ता से हटाने के लिए कमर कसें और निर्णायक संघर्ष शुरू करें।
गोरखपुर में सपा के तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में गुरुवार को मुलायम सिंह ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में अंदरूनी कलह के चलते पार्टी को करीब दो दर्जन सीटों का नुकसान हुआ था। जो नेता टिकट पाने से वंचित रहे, उन्होंने पार्टी विरोधी काम किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं को समाजवादी विचारधारा का पाठ पढ़ाते हुए मुलायम ने कहा कि टिकट न मिलने से विचाराधारा नहीं बदलनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने मायावती सरकार के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं के तेवर में कमी पर चिंता व्यक्त की। निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह और अन्य पार्टी नेताओं के सरकारी दमन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जिस तरह से लड़ी जानी चाहिए थी, नहीं लड़ी गई।
उन्होंने कहा कि ऐसा आंदोलन होना चाहिए था कि सरकार को मजबूर होकर नेताओं को रिहा करना पड़ता। सरकारी जुल्म के खिलाफ यदि एकजुट होंगे तो कार्यकर्ताओं को सत्ता पक्ष की ओर से बहुत परेशान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मायावती को निशाने पर लेते हुए यादव ने कहा कि हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा मालदार नेता उप्र की मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि मायावती सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हई है।
वर्ष 2012 में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले इस सम्मेलन के जरिए सपा प्रमुख ने पहले दिन कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने की भरसक कोशिश की। सम्मेलन में सांसद राम गोपाल यादव, मोहन सिंह और आजम खान सहित कई वरिष्ठ सपा नेता मौजूद थे।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सम्मेलन में अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications