मप्र में इनामी डकैत मुठभेड़ में ढेर
भिण्ड, 10 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने इनामी डकैत राज नारायण को मार गिराया है। उस पर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस ने 55 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
चम्बल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एस.के. झा ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार व गुरुवार की दरम्यानी रात पुलिस दल अटेर थाने के कछपुरा के जंगल में तलाशी अभियान चला रहा था। उसी दौरान उसकी डकैत गिरोह से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद मौका मुआयना के दौरान नदी से एक शव बरामद किया गया।
झा ने बताया कि मारे गए डकैत की पहचान राज नारायण के रूप में हुई है। उसके पास से एक बंदूक व जिंदा कारतूस मिले हैं। मुठभेड़ के समय राज नारायण के साथ उनके चार साथी भी थे जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक राज नारायण गिरोह मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। दोनों प्रदेशों की पुलिस ने उस पर 55 हजार का इनाम घोषित किया था। सिर्फ भिण्ड के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ हत्या एवं अपहरण के 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications