झारखण्ड के खरसांवा में 70 फीसदी मतदान (लीड-1)
झारखण्ड के अतिरिक्त प्रमुख निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार मिश्रा ने आईएएनएस को बताया, "खरसांवा में लगभग 70 फीसदी मतदान हुआ। उपचुनाव कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।"
मतदान गुरुवार सुबह सात बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ जो अपराह्न् तीन बजे तक चला।
शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए अर्धसैनिक बलों की लगभग 12 कम्पनियों को तैनात किया गया था। हेलीकॉप्टरों से मतदान केंद्रों की निगरानी की जा रही थी।
खरसांवा सीट के लिए सात उम्मदीवार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 17 फरवरी को की जाएगी।
खरसांवा सीट पर मुख्य मुकाबला मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के उम्मीदवार कृष्णा गागराई के बीच है। कृष्णा को कांग्रेस का भी समर्थन प्राप्त है।
मुंडा को इस सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा का सदस्य बनना होगा क्योंकि संविधान के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने के छह माह के भीतर विधानसभा की सदस्यता हासिल करनी होती है।
गौरतलब है कि वर्ष 1995 में मुंडा खरसावा सीट से झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के टिकट पर विजयी हुए थे। वर्ष 2000 में हुए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुंडा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। वह वर्ष 2000 और 2005 में भी भाजपा के टिकट पर इस सीट से विजयी हो चुके हैं।
वर्ष 2009 में भाजपा के मंगल सिंह सॉय ने यह सीट जीती थी। सिंह ने मुंडा के लिए पिछले साल ही विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications