अफगानिस्तान में आत्मघाती हमला, 3 मरे
कुंदुज (अफगानिस्तान) , 10 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के उत्तरी कुंदुज प्रांत में गुरुवार को एक सरकारी इमारत के भीतर हुए आत्मघाती हमले में चारदराह जिले के प्रमुख और दो अन्य व्यक्तियों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक प्रांत के उप पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान अकताश ने बताया कि चारदराह जिले के प्रमुख अब्दुल वाहिद उमरखेल की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। आत्मघाती हमलावर ने उमरखेल के कार्यालय परिसर में ही खुद को विस्फोट से उड़ा दिया।
प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता महबूबउल्लाह सैयदी ने कहा कि इस आत्मघाती हमले में पांच लोग घायल हो गए।
वाहिद उमरखेल कई वर्षो तक चारदराह के गर्वनर रह चुके हैं और जिले में आतंकवाद निरोधी गतिविधियों में भी शामिल हो चुके थे।
किसी भी आतंकवादी संगठन ने गुरुवार को हुए इस आत्मघाती हमले की अब तक जिम्मेदारी नहीं ली है।
एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि इलाके में तालिबान आतंकवादियों और अफगान तथा गठबंधन सेनाओं के बीच लड़ाई जारी है। सेना ने पिछले साल अक्टूबर महीने के अंत में इस इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications